रांची. अप्रैल में मौसम के बदलाव का असर झारखंड के कई जिलों में देखा जा रहा है. राजधानी रांची में गर्मी से थोड़ी राहत मिली है. यहां अधिकतम तापमान जो 40 डिग्री पार कर चुका था, अब 34-35 डिग्री के बीच है. पिछले 24 घंटे में रांची और अन्य जिलों में तेज आंधी-तूफान का असर दिखा. मंगलवार को भी पूरे राज्य में ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है, इसलिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सरकुलेशन का असर आज भी देखने को मिलेगा. पूरे राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, इसलिए लोगों को सतर्क रहना होगा. मौसम विभाग की इस चेतावनी को हल्के में न लें. जैसे ही वज्रपात या तेज हवा की स्थिति दिखे, तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं.
आज भी वज्रपात का कहर
बिहार में वज्रपात ने कई लोगों की जान ली है. अब झारखंड में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, यानी वज्रपात की गहरी आशंका है. हर जिले के लोगों को सतर्क रहना होगा, खासकर दोपहर 3:00 बजे के बाद मौसम बदलने और तेज हवा चलने की संभावना है, जो 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है.
दो घंटे में पांच अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बीते 24 घंटे में महज 2 घंटे के भीतर यानी दोपहर 2 से शाम 4 बजे के बीच पांच अलर्ट जारी किए. इनमें से दो ऑरेंज और तीन येलो अलर्ट थे. खासतौर पर रांची, लोहरदगा, खूंटी, बोकारो, पूर्वी और पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला खरसावां जैसे जिलों को अलर्ट जारी किया गया और लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई.
अधिकतम तापमान में गिरावट से राहत
अधिकतम तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है. आज भी एक-दो डिग्री की गिरावट संभव है. पहले अधिकतम तापमान जहां 40 डिग्री पार था, अब राज्य का सामान्य अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी.
जिलों का संभावित तापमान
संभावित तापमान की बात करें तो देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम 32 और न्यूनतम 22 डिग्री, कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू में अधिकतम 34 और न्यूनतम 23 डिग्री, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला में अधिकतम 34 और न्यूनतम 21 डिग्री, पूर्वी और पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला खरसावां और सिमडेगा में अधिकतम 36 और न्यूनतम 23 डिग्री दर्ज किया जा सकता है.